Category: Uncategorized

रहनुमा जैसा मैं रचता…

रहनुमा जैसा मैं रचता…

उपन्यास लिख रहा हूँ, पता नहीं रहनुमा रचूँगा या नहीं, रचना चाहूँगा भी या नहीं। लेकिन इतना तय है कि ‘रहनुमा जैसा मैं रचता’  इस वाक्य में अधूरापन है, इसे पूरा करता है यह वाक्य कि रहनुमा जैसे मैं रचता।

यह जरूर है कि उपन्यास लिखे जाने में, यहाँ बात करने में अनुभव और उनकी स्मृतियाँ बहुत बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। इन स्मृतियों ने ‘अकथ कहानी प्रेम की…’ के सवालों से जूझने बल्कि सवालों को पूछने में भी भूमिका निभाई है। यादें और वे तेजरफ्तार बदलाव जो रोज मेरी यादों में जगह बना रहे हैं, मुझे अब उपन्यास  लिखने को कह रहे हैं। अखिलेश ने, एक बार मुझसे बात करते हुए,  ‘अकथ’ को अपने आपको खोजती किताब कहा था। उपन्यास उस खोज का अगला चरण है, और दरपेश सवाल उपन्यास के बारे में, खुद अपने बारे में सोच-विचार का बहाना है। सवाल वही कि मैं रचता तो कैसा रचता रहनुमा, कैसे रचता रहनुमा।

तुलसीदासजी ने मानस की शुरुआत खलवंदना से की है, अपन खलवंदना करें न करें, काल-वर्णना तो करनी ही होगी। काल याने बीतता समय, बल्कि भर्तृहरि की मार्मिक चेतावनी याद करें तो वह समय जिसमें हम बीत रहे हैं—कालो न यातो वयमेव याता:।

यह ऐसा काल है जिसमें साझे सपनों का अकाल  है। ऐसा वक्त है जब पहचानें आगे आ गयी हैं सपने पीछे छूट गये हैं, जो सपने हैं भी वे एक दूसरे से टूट गये हैं। अलग अलग पहचानें अलग अलग सपने। औरत का सपना अलग, दलित का अलग, अश्वेत का सपना अलग, मजदूर का अलग। जितनी पहचानें उतने सपने। जितने सपने उतने संघर्ष और आपस में वास्ता कोई नहीं या बस कहने भर को। एक तरफ है खगोलीकरण की वास्तविकता और दूसरी तरफ मुक्ति की, बेहतर दुनिया की लालसा, लेकिन इन दोनों के बीच संबंध बना पाने की कल्पना कमजोर पड़ती जा रही है।

यथार्थ को भी उसकी पूरी जटिलता में हम कितना देख पा रहे हैं, पता नहीं, लेकिन यह तो बहुत गहरे में लगता है कि  सपने जो देखा करती थीं, वे आँखें ही शायद हमने खो दी हैं, और सुधी जन आँखों को इस तरह खो देने का उत्सव मना रहे हैं। रोमन सिटीजनों के निर्देश पर उनके लिखी स्क्रिप्ट पर ग्लेडियेटर एक दूसरे के प्राण ले लेने तक लड़ रहे हैं, यह भूल कर कि लड़ाई असल में उस स्क्रिप्ट के खिलाफ होनी चाहिए जिस पर उनसे एक्ट कराया जा रहा है। और थ्योरी बताने वाले थ्योरी बता रहे हैं कि उचित यही है कि हर कोई अपनी पहचान की लड़ाई आप लड़े, स्थानीय संघर्ष करे—क्योंकि महावृत्तांत- ग्रांड नैरेटिव- तो सारी मुसीबत की जड़ ठहरा। सो, ग्लेडियटरों के बहते खून को देख कर चिल्ला रहे  खूंख्वार रोमनों  की मदोन्मत्त शाबाशियों में सुधी जन स्वर मिला रहे हैं, उत्सव मना रहे हैं,  किलक किलक कर घोषणा कर रहे हैं कि देखो जी देखो वो हुआ महावृत्तांत का अंत।

अब जिसे लड़ना है, अपनी पहचान की लड़ाई आप लड़े, किसी को हक नहीं कि किसी और की ओर से बोलने की जुर्रत कर सके। बड़े संघर्ष वहम हैं, व्यक्ति और नागरिक जैसी बातें तो बस बातें हैं, बातों का क्या, इन बातों में पड़ने की बजाय महावृतांत के अंत की खरीददारी में ही  समझदारी है। और समझदार को चाहिए कि बृहद कल्पनाओं के चक्कर से निकल कर अपनी जगह पर रहे, और वहीं करे जो भी करना है। याने अन्याय का अंत हो न हो इतिहास का अंत तो हो ही गया,  व्यवस्था बदले न बदले,  बदलाव की बात का मतलब तो ही बदल ही गया। यह कोई छोटा बदलाव है जी?

इस अंतोत्सवकारी किलक को सुना जा रहा है, इस किलक में लोग अपने अनुभवों की गूँज सुन पा रहे हैं ऐसी स्थिति बनने में  इस सचाई का योगदान नहीं नकारा जा सकता कि ईसापूर्व रोमन इतिहास के ग्लेडियटर स्पार्टाकस को रहनुमा के रूप में रचने बीसवीं सदी के हावर्ड फास्ट को अहसास हुआ कि  जिस सपने पर भरोसा कर उन्होंने अपना स्पार्टाकस रचा था, वह सपना सपना नहीं दु:स्वप्न साबित हुआ। जिस  देवता पर भरोसा किया था, उसने छल किया- दि गॉड दैट फेल्ड…

इस छल से उत्पन्न पीड़ा ने ही  अंतपुराण को प्रामाणिकता दी है। लेकिन न भूलें कि इस  अंतपुराण ने जहाँ व्यवस्थित रूप से वाणी पाई, जहाँ ग्रांड नैरेटिव के अंत का उत्साह अपनी तार्किक परिणति याने इतिहास के अंत की घोषणा में बदला, उस बयान में सारी चमक के बावजूद यह कसक भी थी कि तरह तरह के अंतों के बाद, इतिहास के अंत के बाद, आदमी और कुत्ते में ज्यादा फर्क नहीं रह जाने वाला है। न भूलें फ्रांसिस फुकुयामा की मशहूर किताब का पूरा नाम– दि एंड ऑफ हिस्ट्री एंड दि लास्ट मैन- इतिहास  का अंत और अंतिम मनुष्य…और याद करें, मनुष्य के लिए ‘इतिहास के अंत’ की उपलब्धि के बारे में फुकुयामा का यह दो टूक कथन-

 

“वे (मनुष्य मात्र) आर्थिक गतिविधियों के जरिए अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति तो कर लेंगे,लेकिन किसी संग्राम में अपने प्राण दाँव पर नहीं लगाएंगे। दूसरे शब्दों में वे फिर से उसी तरह पशु बन जाएंगे, जैसे कि इतिहास के आरंभ में थे। कुत्ते को रोटी मिल जाए तो वह सारा दिन धूप में सोता रह  सकता है, उसे परवाह नहीं कि दूसरे कुत्ते उससे बेहतर हालत में हैं या कहीं दूर दुनिया में किसी कुत्ते का शोषण हो रहा है”। ( दि एंड ऑफ हिस्ट्री एंड दि लास्ट मैन, पेंग्विन, लंदन, 1992, पृ. 311).

 

मैं अपने उपन्यास में रहनुमा रचूँ या न रचूँ, मनुष्य के कुत्ताकरण का उत्सव नहीं मना  सकता। रहनुमा रचा तो ऐसा रचूंगा, ऐसे रचूंगा कि वह मनुष्य के कुत्ते में बदल जाने की नियति की पड़ताल कर सके, उससे टकरा सके। राह दिखा सके या न दिखा सके, इतना जता सके कि इतिहास कूड़े का  ढेर नहीं कि जिस पर पर चढ़ कर बाँग दे कोई भी  मुर्गा और बन जाए मसीहा। इतिहास बंद गली का आखिरी मकान भी नहीं कि जहाँ पहुँच कर हम गठरी पटक कर पसर जाएं कि लो पहुँच गये इतिहास के अंत तक।

मेरा रचा रहनुमा रहनुमा होगा, केवल प्रतिनिधि नहीं। अपने वक्त की एक गौरतलब बात यह भी है  कि नेता और प्रतिनिधि पर्यायवाची मान लिये गये हैं। मान लिया गया है कि हमारी  इच्छाओं को जो कह दे, उनके लिए जो कुछ कर दे वह हमारा नेता है। रिप्रेजेंट करने और लीड करने में फर्क भुला दिया गया है,  और रिप्रेजेंट भी वही करे जो मेरे जैसा हो मेरी बिरादरी, मेरी पहचान मेरी आइडेंटिटी का हो। मेरी सांस्कृतिक पहचान और उसमें भी वही जो मेरा मन हो, मेरी इकलौती पहचान है।  तो जब मेरा प्रतिनिधित्व ही मेरा नेतृत्व है तो होना तो यही है, होना तो यही था कि

 

चलता हूं थोड़ी दूर, हर इक तेज रौ के साथ

पहचानता नहीं हूं अभी, राहबर को मैं

शाइर को जो कसक है रहनुमा को न पहचानने की, उस कसक को शब्द देने में ही उस सवाल का जबाव मिलने की मुझे उम्मीद है जो दिये गये विषय-‘रहनुमा मैं जैसा रचता’-  में मैंने जोड़ा है- रहनुमा मैं जैसे रचता…कोशिश करेगा मेरा उपन्यास कि रौ, राह और राहबर, रहनुमा के आपसी रिश्तों की पड़ताल कर सके…राहरौ और राहबर में फर्क कर सके। मैं ध्यान रखूंगा कि रहनुमा बनाने के चक्कर में उस पात्र को अपनी मनचीती सोच का निर्जीव प्रतीक न बना दूँ, मनुष्य का झंडाकरण न कर दूँ। रहनुमा हो या मसीहा, मनुष्य अंतत: मनुष्य है—उसे रहनुमा बनाने के चक्कर में उसकी मनुष्यता की छुट्टी कर देना काफी अमानुषिक हरकत है, जिससे बचना चाहिए उपन्यास में भी, उपन्यास के बाहर भी। अपने रचना-संसार में प्रजापति मैं भले ही होऊं, ‘यथारोचते’ की महिमा मुझे भले ही हासिल हो, लेकिन उस महिमा की भी मर्यादा है। रहनुमा रचूंगा या नहीं पता नहीं लेकिन कोशिश रहेगी कि किसी भी पात्र को रचते समय महिमा और मर्यादा का संतुलन बना रहे।

इतिहास और महावृत्तांत के अंत के उत्सव मनाने का नहीं, यह समय, यूरोकेंद्रित आधुनिकता की अहम्मन्यता को चुनौती देती, परस्पर संवादरत आधुनिकताओं और उनसे संभव हो सकने वाले नये यूनिवर्सलिज्म की खोज का;  नये महावृत्तांत की खोज और बखान का समय है। मेरा रचा रहनुमा इस चेतना से ही उत्पन्न होगा।  अपने देश के संदर्भ में  वह राज नॉस्टेल्जिया के इलीट रूपों से भी टकराएगा और पॉलिटिकली करेक्ट रूपों से भी क्योंकि वह जानेगा कि आधुनिकता कोई वायरस नहीं जो यूरोप में पैदा हो कर फैलता चला गया। वह जानेगा कि चीनियों को लाइलाज अफीमची, अफ्रिकियों, आज्तेकों और इंकाओं  को जन्मजात असभ्य बल्कि अमानुष और भारतीयों को सतत रूप से जड़, विधवादाहक लोगों के रूप में इतिहास देवता ने नहीं उपनिवेशवाद के राक्षस ने गढ़ा  है।  वह जानेगा कि  उपनिवेशवाद की सबसे बड़ी सफलता यही है कि भारत जैसे देश में  राज नॉस्टेल्जिया केवल ‘प्रतिक्रियावादियों’ का ही अग्निभक्षी क्रांतिकारियों का भी प्रिय शगल है। वह जानेगा कि  गलत रिसर्च करना कैसे सिखाया जाता है और सही रिसर्च करना कैसे सीखना पड़ता है।

और सबसे बड़ी बात यह कि मेरे सोचे किसी पात्र को रहनुमा बनाएगी वह हिम्मत कि वह  गाँधी की तरह घोर अलोकप्रिय फैसले ले सके;  कह सके कि एक चौरी-चौर कांड काफी है  देशव्यापी आंदोलन को वापस ले लेने के लिए। जो अपने नैतिक संकट और विफलता-बोध को छुपाने की बजाय उससे टकरा सके, अपने साथियों को न्यौता दे सके कि वे भी टकराएं उस नैतिक संकट से, और जो आएं उन्हें साथ लेकर निकल सके उन सवालों के जबाव खोजने – ‘जो अब तक पूछे ही नहीं गये’।

Día de los Muertos

नवंबर की पहली और दूसरी तारीख मेक्सिको में दिया दे लॉस मोरता याने मृतकों के दिन के तौर पर मनाई जाती है। काफी धूम-धाम से लोग अपने मृतकों को याद करते हैं, उनकी याद में आँसू बहाते हैं, और उन्हें उनके पसंदीदा व्यंजन, वाइन आदि परोसते हैं। जैसे अपने यहाँ दिवाली पर खांड की मिठाइयां बनाई जाती हैं, वैसे ही यहाँ मृतकों की याद में खाँड की, चीनी की खोपड़ियाँ बनाते हैं, उपहार के तौर पर मित्रों को देते हैं, और अपने प्रिय जनों के नाम लिख कर उन्हें अर्पित करते हैं।

वैसे तो सारे मेक्सिको में यह ‘त्यौहार’ जोर- शोर से मनाया जाता है, लेकिन कुछ इलाकों में इसकी धूम बहुत ही ज्यादा होती है। लोग कब्रिस्तान जाते हैं, रोते भी हैं, नाचते भी हैं, वाइन पीते हैं, आँसू बहाते हैं। कुछ जगहों पर कब्रिस्तान से लेकर घर तक गेंदे की पत्तियों से राह बनाते हैं, ताकि इतने दिनों बाद मृतक घर का रास्ता न भूल जाएं। जो ऐसा नहीं कर पाते, वे गेंदे के फूल तो मृतकों को अर्पित करते ही हैं। गेंदा मेक्सिको में मृतकों का फूल है।

जाहिर है कि यह ईसाइयत के आगमन के पहले का चलन है, और सेमेटिक धर्मों के उदय के पहले की हर सभ्यता में किसी न किसी रूप में मिलता है। मृत्यु को जीवन का विरोधी नहीं, पूरक तत्व: जीवन की अपरिहार्य परिणति, बल्कि जीवन के सतत प्रवाह में एक और मोड़े मानने वाली सोच के लिए स्वाभाविक ही है कि प्रिय से बिछुड़़ने के अपरिहार्य मानवीय दुख के बावजूद मृत्यु और मृतकों दोनों से संवाद बनाने की कोशिश करता रहे। नचिकेता को जीवन के परम रहस्यों का बोध मृत्यु के देवता यम ने ही कराय़ा था।

मेक्सिको में दिया दे लॉस मोरता की तारीखें -पहली और दूसरी नवंबर- पारंपरिक आज्तेक काल-गणना पर ही आधारित हैं। रोमन कैथॉलिक ईसाइयत ने इस परंपरा को स्वीकृत और समाहित कर लिया है।

इन दो दिन मेक्सिको में छुट्टी का माहैल रहता है। अफसोस कि मुझे एक तारीख की दोपहर को ही रवाना हो जाना है,  सो मृतकों के श्राद्ध के इस राष्ट्रीय पर्व का साक्षी नहीं बन पाऊंगा, लेकिन उस भावना को तो महसूस कर ही रहा हूं जिस के साथ यह पैगन सभ्यता प्रयत्न करती है, मृत्यु को स्वीकार करने का, औऱ मृतकों को अस्तित्वहीन मानने की बजाय मृत्यु को ही एक वैकल्पिक अस्तित्व मानने का।

आज कालेकियो में मेरी “का्ंफ्रेस” ( याने बातचीत) थी, माहौल में दिया दे लॉस मोरता था। मृत्यु का आतंक नहीं,मृतकों के प्रति कृतज्ञता और प्यार के साथ संवाद कायम करने का प्रयत्न। जिस कमरे में बातचीत उसके ठीक बाहर ही दिया दे लॉस मोरता की झाँकी लगी थी, स्वर्गीय प्रोफेसरों के चित्रों के सामने उनकी पसंदीदा वाइन परोसी गयी थीं. धूप-बत्ती जल रही थी।

लाइब्रेरी में कालेकियो के पहले लाइ्ब्रेरियन के चित्र की झाँकी थी, साथ ही ऐन उजले दुल्हन जैसे कपड़ों में मृत्यु की छवि खड़ी थी, एक और छवि सोफे पर विराजमान थी। चीनी की बनी खोपड़ियां  तो थी हीं, याने मृत्यु के जिन प्रतीकों से भय होता है, यहाँ उनसे सहज संवाद का जतन था।

क्या पैगन सभ्यताएं मृत्यु के बारे में अधिक संवेदनशील, अधिक समझदार नहीं है? मेक्सिको से लेकर आयरलै़ड तक. जापान से लेकर भारत तक?

 

Now you can buy my books from Flipkart

Most of my books are now available from Flipkart.com – buy online with ease and they will be delivered to your doorstep at no extra charge.

Click here for more